उत्तर बिहार में अल्प वर्षा पर समीक्षा बैठक, किसानों को 14 घंटे बिजली आपूर्ति के निर्देश
राज्य ब्यूरो, पटना। उत्तर बिहार में अल्प वर्षा की स्थिति को लेकर विकास आयुक्त एवं आपदा प्रबंधन विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने सोमवार को उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। उन्होंने निर्देश दिया कि कृषि फीडरों को कम से कम 14 घंटे बिजली उपलब्ध कराई जाए, ताकि सिंचाई में कोई बाधा न हो और खरीफ फसलों की बुवाई प्रभावित न हो।
वर्षा और फसल आच्छादन पर चर्चा
बैठक में बताया गया कि उत्तर बिहार के 16 जिलों में सामान्य से कम वर्षा दर्ज की गई है। इन जिलों में पेयजल संकट, फसलों की स्थिति और नहरों के अंतिम छोर तक पानी की उपलब्धता की समीक्षा की गई। खरीफ फसलों की बुवाई और उनके आच्छादन की वर्तमान स्थिति पर भी चर्चा हुई।
अधिकारियों की सहभागिता
बैठक में कृषि, जल संसाधन, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के प्रमुख सचिवों सहित बिहार राज्य पावर होल्डिंग कंपनी के सीएमडी और आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव शामिल हुए। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, कटिहार, अररिया, सीवान, गोपालगंज, पूर्वी-पश्चिमी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, सुपौल, मधेपुरा और सहरसा जिलों के जिलाधिकारी जुड़े।
बिजली और भूजल आपूर्ति पर खास जोर
बैठक में जिलावार बिजली आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा की गई और यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की निर्बाध आपूर्ति बनी रहे। साथ ही, भूजल स्तर और पेयजल स्रोतों की निगरानी कर समस्याओं से निपटने की रूपरेखा पर भी विचार हुआ।