बिहार कर्मचारी चयन आयोग (BSSC) ने एक बार फिर सेकेंड इंटर लेवल भर्ती के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब अभ्यर्थी 29 जनवरी 2026 तक आवेदन शुल्क जमा कर सकते हैं, जबकि पूरी तरह भरे हुए आवेदन फॉर्म को सब्मिट करने की अंतिम तिथि 31 जनवरी 2026 निर्धारित की गई है। इससे पहले फीस जमा करने की अंतिम तिथि 13 जनवरी और आवेदन सब्मिट करने की तारीख 15 जनवरी 2026 थी।
यह भर्ती वर्ष 2023 में निकाली गई थी। तब से अब तक पदों की संख्या और आवेदन की अंतिम तिथि कई बार बढ़ाई जा चुकी है। आयोग को अब तक करीब 30 लाख आवेदन मिल चुके हैं। बार-बार आवेदन तिथि बढ़ाए जाने से परीक्षा तिथि का इंतजार कर रहे लाखों अभ्यर्थियों में नाराजगी देखी जा रही है। उम्मीदवारों का कहना है कि बार-बार फॉर्म री-ओपन कर सरकार इस भर्ती को मज़ाक बना रही है।
सोशल मीडिया पर भी अभ्यर्थियों का गुस्सा साफ नजर आ रहा है। एक यूजर ने लिखा,
“BSSC Inter Level का 2023 से 2026 तक सिर्फ फॉर्म ही भरवाया जा रहा है। एग्जाम कब होगा, किसी को पता नहीं।”
वहीं दूसरे यूजर ने तंज कसते हुए पूछा, “आख़िर कितने साल तक इस भर्ती का फॉर्म भरवाया जाएगा?”
पदों का विवरण
बिहार सेकेंड इंटर लेवल भर्ती के तहत कुल 24,492 पदों पर नियुक्ति की जाएगी:
- अनारक्षित: 10,753
- अनुसूचित जाति (SC): 3,407
- अनुसूचित जनजाति (ST): 231
- अत्यंत पिछड़ा वर्ग (EBC): 4,185
- पिछड़ा वर्ग (BC): 2,678
- पिछड़ा वर्ग महिला: 811
- आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS): 2,427
कुल पदों में से 35% यानी 7,816 पद महिलाओं के लिए क्षैतिज आरक्षण के तहत सुरक्षित हैं।
योग्यता
- न्यूनतम योग्यता: 12वीं (इंटरमीडिएट) पास
- कुछ पदों के लिए कंप्यूटर टाइपिंग की योग्यता अनिवार्य है।
चयन प्रक्रिया
अभ्यर्थियों का चयन तीन चरणों में होगा:
- प्रारंभिक परीक्षा
- मुख्य परीक्षा
- स्किल टेस्ट
सभी परीक्षाएं ऑनलाइन मोड में आयोजित की जाएंगी।
परीक्षा पैटर्न
- प्रीलिम्स परीक्षा ऑब्जेक्टिव टाइप होगी
- विषय: सामान्य अध्ययन, सामान्य विज्ञान, गणित, मानसिक क्षमता
- कुल प्रश्न: 150
- प्रत्येक गलत उत्तर पर 1 अंक की निगेटिव मार्किंग
- परीक्षा अवधि: 2 घंटे 15 मिनट
रिजल्ट सिस्टम
यदि परीक्षा कई शिफ्टों में होती है तो रिजल्ट नॉर्मलाइज्ड पद्धति से जारी किया जाएगा। वैकेंसी के पांच गुना अभ्यर्थियों को प्रीलिम्स में सफल घोषित कर मुख्य परीक्षा में शामिल किया जाएगा।
आवेदन शुल्क
सभी वर्गों के लिए आवेदन शुल्क ₹100 निर्धारित है।
आवेदन से वंचित इच्छुक अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट www.onlinebssc.com पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।