डिजिटल डेस्क, पटना।
चुनाव से पहले नीतीश सरकार ने आंगनबाड़ी सेविकाओं और सहायिकाओं को बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उनके मानदेय में बढ़ोतरी का ऐलान किया है। अब आंगनबाड़ी सेविका को 7,000 रुपये की जगह 9,000 रुपये और सहायिका को 4,000 रुपये की जगह 4,500 रुपये मानदेय मिलेगा।
सीएम नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए लिखा कि बच्चों और गर्भवती महिलाओं के पोषण एवं जीवन स्तर में सुधार में आंगनबाड़ी सेविकाओं और सहायिकाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उनकी इसी भूमिका को सम्मान देते हुए मानदेय में बढ़ोतरी का फैसला लिया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नवंबर 2005 से सरकार बनने के बाद से ही गर्भवती महिलाओं और बच्चों के पोषण व स्वास्थ्य सुधार के लिए बड़े पैमाने पर काम किया गया है। इसके तहत समेकित बाल विकास परियोजना के माध्यम से छह प्रकार की सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। इन सेवाओं को लाभुकों तक पहुंचाने में आंगनबाड़ी सेविकाएं और सहायिकाएं अहम भूमिका निभाती हैं। ऐसे में उनके मानदेय में बढ़ोतरी से न सिर्फ उनका मनोबल बढ़ेगा बल्कि समेकित बाल विकास सेवाएं और भी मजबूत होंगी।
बिहार में कितने आंगनबाड़ी केंद्र?
फिलहाल राज्य में करीब 1.15 लाख आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हो रहे हैं। इनमें से 1.05 लाख केंद्रों पर सेविकाएं और सहायिकाएं कार्यरत हैं। वहीं, लगभग 10 हजार सेविका और सहायिकाओं को अलग-अलग केंद्रों से टैग किया गया है। ताज़ा फैसले का लाभ लगभग 2.10 लाख आंगनबाड़ी सेविका और सहायिका को मिलेगा।
पिछले साल भी बढ़ी थी मानदेय राशि
यह पहली बार नहीं है जब सरकार ने मानदेय बढ़ाया है। पिछले साल भी सेविकाओं का मानदेय 5,950 रुपये से बढ़ाकर 7,000 रुपये किया गया था। इस बार की बढ़ोतरी से सेविकाओं और सहायिकाओं को अतिरिक्त आर्थिक सहयोग मिलेगा।
समाज कल्याण मंत्री ने जताया आभार
समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का आभार जताते हुए कहा कि हाल ही में सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि में लगभग तीन गुना वृद्धि की थी। अब आंगनबाड़ी सेविकाओं और सहायिकाओं का मानदेय बढ़ाने से उनमें नई ऊर्जा और उत्साह का संचार होगा।