बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) ने मैट्रिक और इंटर वार्षिक परीक्षा 2026 में शामिल होने वाले छात्रों को अंतिम अवसर प्रदान किया है। जिन विद्यार्थियों का अब तक पंजीकरण नहीं हो पाया है, वे 3 सितंबर 2025 तक विलंब शुल्क के साथ ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं। समिति ने स्पष्ट किया है कि बिना पंजीकरण वाले छात्रों को परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं मिलेगी।
समिति के अनुसार, पंजीकरण की प्रक्रिया गुरुवार से शुरू हो चुकी है। इंटर के छात्रों का पंजीकरण seniorsecondary.biharboardonline.com और मैट्रिक के छात्रों का पंजीकरण secondary.biharboardonline.com वेबसाइट के माध्यम से किया जाएगा।
पंजीकरण के बाद छात्रों का डमी रजिस्ट्रेशन कार्ड तैयार होगा, जिसे छात्र, उनके माता-पिता और विद्यालय प्रमुख के हस्ताक्षर के साथ 8 सितंबर तक ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य है। यदि निर्धारित समय पर हस्ताक्षरित डमी रजिस्ट्रेशन कार्ड अपलोड नहीं किया गया तो ऐसे छात्रों को परीक्षा आवेदन भरने की अनुमति नहीं मिलेगी।
समिति ने यह भी स्पष्ट किया है कि छात्रों को 1 सितंबर तक पंजीकरण शुल्क जमा करना होगा। यदि कोई छात्र 1 सितंबर तक शुल्क नहीं जमा कर पाता है तो वह 3 सितंबर तक विलंब शुल्क के साथ पंजीकरण करा सकता है।
विद्यालय प्रमुखों को निर्देश दिया गया है कि पंजीकरण करते समय छात्र का नाम, माता-पिता का नाम और जन्मतिथि बिल्कुल सही ढंग से दर्ज करें, क्योंकि बाद में इसमें सुधार का मौका नहीं मिलेगा।