सीवान जिले के युवाओं और महिलाओं के लिए रोजगार का एक बड़ा अवसर सामने आया है। श्रम संसाधन विभाग के तत्वावधान में 13 जनवरी को आंदर प्रखण्ड परिसर स्थित बीएसडीसी (बिहार स्किल डेवलपमेंट सेंटर) में एक दिवसीय जॉब कैंप का आयोजन किया जाएगा। इस जॉब कैंप का उद्देश्य जिले के बेरोजगार युवाओं, महिलाओं और विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले अभ्यर्थियों को निजी क्षेत्र में प्रत्यक्ष रोजगार उपलब्ध कराना है।
जॉब कैंप में विभिन्न प्रतिष्ठित निजी कंपनियां भाग लेंगी, जहां योग्य उम्मीदवारों का चयन ऑन-द-स्पॉट साक्षात्कार के माध्यम से किया जाएगा। इससे अभ्यर्थियों को लंबी चयन प्रक्रिया से गुजरने की आवश्यकता नहीं होगी और उन्हें एक ही दिन में नौकरी पाने का अवसर मिलेगा। कैंप में भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों की आयु सीमा 18 से 35 वर्ष निर्धारित की गई है।
इस रोजगार मेले में चैतन्य इंडिया फाइनेंस क्रेडिट लिमिटेड द्वारा फील्ड जॉब के लिए युवाओं का चयन किया जाएगा। वहीं एससीएम गारमेंट्स प्राइवेट लिमिटेड सिलाई, कटिंग, पैकिंग, चेकर, आयरनिंग सहित तकनीकी एवं गैर-तकनीकी पदों पर भर्ती करेगी। चयनित अभ्यर्थियों को कंपनी की नीतियों के अनुसार वेतन, प्रशिक्षण और अन्य सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।
आयोजकों ने इच्छुक उम्मीदवारों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि पर अपने साथ बायोडाटा, शैक्षणिक प्रमाण पत्र, आधार कार्ड और पासपोर्ट साइज फोटो लेकर समय पर पहुंचें, ताकि इस रोजगार अवसर का पूरा लाभ उठाया जा सके।