रसायन मुक्त खेती से बढ़ेगी किसानों की आमदनी, सभी जिलों में लागू होगी योजना: डिप्टी सीएम विजय सिन्हा
पटना। बिहार सरकार ने राज्य में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए बड़ा कदम उठाया है। उप मुख्यमंत्री एवं कृषि मंत्री विजय सिन्हा ने घोषणा की कि केंद्र प्रायोजित नेशनल मिशन ऑन नेचुरल फार्मिंग योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 3635.15 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। यह योजना बिहार के सभी 38 जिलों में लागू की जाएगी।
डिप्टी सीएम ने बताया कि इस योजना का उद्देश्य रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों के बिना खेती को बढ़ावा देना है। इससे किसानों की इनपुट लागत घटेगी, मिट्टी की उर्वरता सुधरेगी और रसायन-मुक्त व पोषणयुक्त फसल उपलब्ध होगी। इससे किसानों की आय में वृद्धि भी सुनिश्चित होगी।
प्राथमिकता वाले क्षेत्र और बहुफसली खेती को मिलेगा बढ़ावा
सरकार उन क्षेत्रों को प्राथमिकता देगी जहां पहले से प्राकृतिक खेती की जा रही है या जहां इसके लिए किसान तैयार हैं। चयनित क्षेत्रों में बहुफसली उत्पादन को बढ़ावा दिया जाएगा ताकि किसानों को अधिक मुनाफा हो और प्राकृतिक खेती को स्थायी कृषि पद्धति के रूप में अपनाया जा सके।
पर्यावरणीय संतुलन और स्वास्थ्य की दिशा में पहल
विजय सिन्हा ने कहा कि यह योजना पर्यावरणीय संतुलन, स्वस्थ जीवनशैली और टिकाऊ कृषि प्रणाली की दिशा में एक सकारात्मक कदम है। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए राज्य सरकार कृषि विभाग के माध्यम से जनजागरूकता अभियान भी चलाएगी, जिससे अधिक से अधिक किसान इससे जुड़ सकें और लाभान्वित हो सकें।