पटना। बिहार के युवाओं के लिए बड़ी राहत की खबर है। नीतीश सरकार जल्द ही एक नया ई-पोर्टल लॉन्च करने जा रही है, जिससे नौकरी की तलाश आसान हो जाएगी। राज्य सरकार ने अगले पांच वर्षों में एक करोड़ युवाओं को रोजगार और नौकरी देने का लक्ष्य तय किया है। इस उद्देश्य को पूरा करने के लिए युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग का गठन किया गया है।
सरकार ने इस नवगठित विभाग की कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए 147 नए पदों को मंजूरी दी है। इन पदों के सृजन से विभाग के कार्यों में तेजी आएगी और योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन हो सकेगा। मंत्रिमंडल ने इस प्रस्ताव को स्वीकृति दे दी है।
जानकारी के अनुसार, विभाग का सबसे महत्वपूर्ण कार्य एक आधुनिक ई-पोर्टल का संचालन होगा। इस पोर्टल पर युवा अपनी शैक्षणिक योग्यता और कौशल के अनुसार नौकरी की जानकारी देख सकेंगे और ऑनलाइन आवेदन भी कर सकेंगे। इससे युवाओं को सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी।
इसके अलावा, विभाग राज्य के विभिन्न जिलों में रोजगार मेलों का आयोजन करेगा। इन मेलों में सरकारी और निजी कंपनियां सीधे युवाओं से संवाद करेंगी और मौके पर ही रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएंगी।
नया विभाग निजी कंपनियों, उद्योगों और MSME इकाइयों के साथ भी लगातार संपर्क में रहेगा, ताकि अधिक से अधिक रोजगार के अवसर सृजित किए जा सकें। सरकार का मानना है कि इस पहल से बिहार के युवाओं को नौकरी पाने में आसानी होगी और वे आत्मनिर्भर बन सकेंगे।