डिजिटल डेस्क, पटना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बिहार के पूर्णिया दौरे पर हैं। उन्होंने पूर्णिया एयरपोर्ट का उद्घाटन किया और इसके साथ ही 6580 करोड़ रुपये की रेल परियोजनाओं तथा 45 हजार करोड़ रुपये की विभिन्न स्थानीय योजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन किया। इसी कड़ी में पीएम मोदी ने जोगबनी–पटना वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
पीएम मोदी का विमान पूर्णिया एयरपोर्ट पर उतरा तो उनकी एक झलक पाने के लिए लोग खेतों से होकर एयरपोर्ट की ओर दौड़ पड़े। एयरपोर्ट उद्घाटन को लेकर पूरा परिसर सज-धज कर तैयार किया गया था।
सभा स्थल पर भारी भीड़
गुलाबबाग जीरो माइल के समीप शीशाबाड़ी स्थित एसएसबी कैंप में आयोजित जनसभा को संबोधित करने के लिए पीएम मोदी पहुंचे। इस सभा के लिए लगभग पांच लाख लोगों की व्यवस्था की गई है। यहां पांच बड़े हेंगर बनाए गए हैं, जिनमें करीब तीन लाख कुर्सियों की व्यवस्था की गई है।
परेशानियों का सामना
सभा में शामिल होने के लिए आ रहीं जीविका दीदियों को परिवहन सुविधा न मिलने के कारण भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। आक्रोशित महिलाओं ने जानकीनगर थाना क्षेत्र में पूर्णिया–सहरसा एनएच 107 को जाम कर दिया। बारिश के बावजूद भी महिलाएं सड़क से नहीं हटीं। इस जाम के कारण लंबे समय तक वाहन कतार में फंसे रहे। बाद में पुलिस ने हस्तक्षेप कर आवागमन सुचारू कराया।
जनता की शिकायतें
आम लोगों ने भी शिकायत की कि सभा स्थल तक पहुंचने में दिक्कतें आईं। कई बसें और वाहन रास्ते में रोक दिए गए, जिससे भीड़ को पैदल ही आगे बढ़ना पड़ा। लोगों का आरोप था कि जदयू और भाजपा के स्थानीय नेताओं ने इस समस्या पर ध्यान नहीं दिया।
पूर्णिया के साथ-साथ सीमांचल और कोसी क्षेत्र से भी बड़ी संख्या में लोग पीएम मोदी की सभा में शामिल हुए।