बिहार में कांग्रेस को मिला नया संबल, BJP-JDU के दिग्गज नेता हुए शामिल
बिहार विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। रविवार को पटना स्थित सदाकत आश्रम में आयोजित मिलन समारोह में कई प्रभावशाली नेता और उनके समर्थक कांग्रेस में शामिल हुए। इस अवसर पर पूर्णिया की मेयर के पति और समाजसेवी जितेंद्र कुमार, भाजपा अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के सह संयोजक कुणाल किशोर सहनी, और जदयू के प्रदेश महासचिव कुणाल अग्रवाल ने अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस का दामन थामा।
जितेंद्र कुमार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने पार्टी की सदस्यता दिलाई, जबकि कुणाल किशोर सहनी को कांग्रेस के बिहार प्रभारी अल्लावरु ने पार्टी में शामिल किया। इस मौके पर राजेश राम ने कहा कि जितेंद्र कुमार जैसे सामाजिक कार्यकर्ताओं के कांग्रेस से जुड़ने से पूर्णिया में पार्टी की स्थिति और मजबूत होगी। वहीं, अल्लावरु ने कहा कि कुणाल सहनी के कांग्रेस में आने से अति पिछड़ा समाज में पार्टी की पकड़ और गहरी होगी।
इस मिलन समारोह में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता जैसे शकील अहमद खान, मदन मोहन झा, अंशुल अभिजीत, मोतीलाल शर्मा, राजेश राठौर, मंजीत आनंद साहू और रोशन कुमार सिंह भी उपस्थित रहे। सभी नेताओं ने नवागंतुकों का स्वागत करते हुए पार्टी को मजबूत बनाने का संकल्प दोहराया।