बिहार चुनाव से पहले आरजेडी की नई टीम का ऐलान, सुधाकर सिंह को किसान प्रकोष्ठ और अभय कुशवाहा को युवा विंग की कमान
बिहार विधानसभा चुनाव से पहले राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने अपनी संगठनात्मक तैयारियों को धार देना शुरू कर दिया है। पार्टी अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने 23 जुलाई को विभिन्न प्रकोष्ठों के अध्यक्षों की नियुक्ति करते हुए नई टीम का गठन किया है। इसकी जानकारी शनिवार को राजद के राष्ट्रीय प्रवक्ता चितरंजन गगन ने दी।
नई नियुक्तियों में कई वरिष्ठ नेताओं को अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं। बक्सर से सांसद और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह के पुत्र सुधाकर सिंह को किसान प्रकोष्ठ का अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं, औरंगाबाद से सांसद एवं लोकसभा में राजद के संसदीय दल के नेता अभय कुशवाहा को युवा प्रकोष्ठ की कमान सौंपी गई है।
महिला, अल्पसंख्यक, एससी-एसटी और छात्र प्रकोष्ठ में भी नए चेहरे
पार्टी ने संगठन के अन्य महत्वपूर्ण प्रकोष्ठों में भी नियुक्तियां की हैं:
- महिला प्रकोष्ठ की जिम्मेदारी एक बार फिर पूर्व मंत्री कांति सिंह को सौंपी गई है।
- अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष के रूप में पूर्व मंत्री अली अशरफ फातमी की नियुक्ति की गई है।
- वरीय नेता शिवचंद्र राम को एससी/एसटी प्रकोष्ठ की कमान दी गई है।
- राष्ट्रीय छात्र प्रकोष्ठ की जिम्मेदारी नवल किशोर के पास ही बरकरार रखी गई है।
चुनावी रणनीति के तहत संगठन विस्तार
बिहार में आगामी महीनों में विधानसभा चुनाव संभावित हैं। ऐसे में तेजस्वी यादव के नेतृत्व में आरजेडी संगठन को मज़बूत कर सत्ता में वापसी की रणनीति बना रही है। नई टीम की घोषणा उसी दिशा में एक ठोस कदम के रूप में देखी जा रही है।
इस राजनीतिक घटनाक्रम के बीच तेजस्वी यादव को पार्टी का मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया जा चुका है। पार्टी संगठन के इस विस्तार से साफ है कि आरजेडी एकजुट होकर चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है।
तेज प्रताप की हरकतें फिर चर्चा में
उधर, तेज प्रताप यादव ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से अपनी सभी बहनों और यहां तक कि राजद के आधिकारिक पेज को भी अनफॉलो कर दिया है। इस कदम ने पार्टी के भीतर उनके रवैये को लेकर चर्चाओं को फिर से हवा दी है।