Bihar News: गिरिराज सिंह का बड़ा हमला—RJD को बताया ‘परिवार की कंपनी’, लालू-तेजस्वी पर साधा निशाना
बिहार की सियासत में विधानसभा चुनाव 2025 से पहले घमासान तेज हो गया है। राजनीतिक दलों ने मोर्चा संभाल लिया है और आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला भी ज़ोर पकड़ चुका है। इसी कड़ी में केंद्रीय मंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता गिरिराज सिंह ने राष्ट्रीय जनता दल (RJD) और उसके नेतृत्व पर तीखा प्रहार किया है।
गुरुवार को अपने संसदीय क्षेत्र बेगूसराय पहुंचे गिरिराज सिंह ने आरजेडी पर कटाक्ष करते हुए कहा, “यह पार्टी कोई लोकतांत्रिक संस्था नहीं, बल्कि एक पारिवारिक कंपनी है।” उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “राजद अब टाटा-बिरला जैसी कंपनी बन गई है, जहां एमडी और सीएमडी केवल परिवार के सदस्य होते हैं। लालू यादव इस पार्टी के सीएमडी हैं, जबकि तेजस्वी यादव एग्जीक्यूटिव एमडी की भूमिका में हैं।”
गिरिराज ने यह भी कहा कि RJD में लालू यादव की पत्नी राबड़ी देवी, उनकी बेटी और अन्य रिश्तेदारों को भी प्रमुख पद दिए गए हैं। इससे यह साफ होता है कि पार्टी पूरी तरह से एक परिवार के इशारे पर चलती है।
‘चरवाहा विद्यालय से स्कॉटलैंड’ तक: तेजस्वी पर तंज
तेजस्वी यादव द्वारा बिहार को स्कॉटलैंड जैसा बनाने की बात पर गिरिराज सिंह ने पलटवार करते हुए कहा, “जिस व्यक्ति के पिता ने बिहार को चरवाहा विद्यालय बना दिया था, वही अब स्कॉटलैंड बनाने की बात कर रहा है।” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बिहार का कायाकल्प हो रहा है और अब हर जिले में मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज और आईआईटी जैसे संस्थान खुल रहे हैं, जिससे विकास की रफ्तार तेज हुई है।
गिरिराज सिंह ने कहा, “जनता अब केवल शोर मचाने वालों और गरीबों के नाम पर राजनीति करने वालों को पहचान चुकी है और उन्हें नकार चुकी है।”
बिहार बंद को बताया ‘फ्लॉप शो’
राज्य में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान को लेकर विपक्ष द्वारा बुधवार को बुलाए गए बिहार बंद पर भी गिरिराज सिंह और बीजेपी ने करारा हमला किया। उन्होंने इस बंद को पूरी तरह असफल करार दिया।
बीजेपी प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने कहा कि RJD और कांग्रेस के पास अब कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष केवल अफवाह फैलाकर और अव्यवस्था फैलाकर बिहार को बदनाम करने की कोशिश कर रहा है।
हुसैन ने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पर आरोप लगाते हुए कहा कि ये नेता सड़कों पर उतरकर स्कूल बसों, एम्बुलेंस और ट्रेनों को रोक रहे हैं। कई जगहों पर आगजनी की घटनाएं सामने आईं, जिससे आम जनता को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
बीजेपी ने विपक्ष पर यह भी आरोप लगाया कि चुनाव में संभावित हार के डर से वे चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहे हैं और लोकतांत्रिक संस्थाओं को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं।