बिहार में नवरात्रि से पहले मानसून की वापसी, भारी बारिश और येलो अलर्ट
बिहार में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग, पटना ने राज्य के कई जिलों में भारी बारिश और आंधी-तूफान को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। बीते 24 घंटों में शिवहर, सीवान, नालंदा, बेतिया, रक्सौल, समस्तीपुर और गोपालगंज सहित कई जिलों में जोरदार बारिश हुई है, जिससे नदियों का जलस्तर बढ़ने लगा है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक जमुई, मुंगेर, बांका, भागलपुर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, पूर्णिया, कटिहार और खगड़िया में भारी बारिश की संभावना है। वहीं, पटना सहित भभुआ और लखीसराय जैसे दक्षिणी जिलों में हल्की बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग की चेतावनी
- पूरे राज्य में आंधी-तूफान और ठनका गिरने का खतरा।
- अगले दो दिनों तक येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा।
- अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट संभव।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में बने लो-प्रेशर एरिया के कारण प्रदेश में नमी का स्तर बढ़ा है और इसी वजह से मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। अनुमान है कि यह स्थिति 20 सितंबर तक बनी रह सकती है।
ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने और सुरक्षित रहने की अपील की है।