लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी रविवार को पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान पहुंचे। यहां उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद राहुल गांधी और महागठबंधन के तमाम वरिष्ठ नेता आंबेडकर चौक के लिए रवाना हुए। इस यात्रा में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे भी शामिल हैं। पार्टी ने खरगे का आधिकारिक कार्यक्रम पहले ही जारी कर दिया था।
पटना में राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की वोटर अधिकार यात्रा का समापन कुछ ही देर में होने वाला है। इसके लिए बड़ी संख्या में महागठबंधन के कार्यकर्ता और समर्थक राजधानी पहुंचे हैं। चुनाव से पहले पटना में आयोजित इस यात्रा को महागठबंधन का शक्ति प्रदर्शन माना जा रहा है।
एयरपोर्ट पर प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने नेताओं का स्वागत किया। इसके बाद 16 दिवसीय ‘मतदाता अधिकार यात्रा’ का पटना में अंतिम पड़ाव शुरू हुआ। जिला प्रशासन ने राहुल गांधी और अन्य नेताओं को हाईकोर्ट के पास स्थित आंबेडकर चौक तक जाने की अनुमति नहीं दी। इसी कारण यात्रा के समापन और नेताओं के संबोधन के लिए पटना के व्यस्ततम डाकबंगला चौराहा चुना गया।
डाकबंगला चौराहे पर भव्य मंच बनाया गया है, जहां से राहुल गांधी और कांग्रेस के शीर्ष नेता अपने कार्यकर्ताओं व समर्थकों को संबोधित करेंगे। पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है और बड़ी संख्या में सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। चौराहे पर महागठबंधन में शामिल सभी दलों के नेता और कार्यकर्ता झंडा-बैनर लेकर लगातार पहुंच रहे हैं।