CM नीतीश कुमार का बड़ा ऐलान: बिहार में खाली पदों पर जल्द होगी बहाली, महिलाओं को मिलेगा 35% आरक्षण
बिहार में रोजगार और महिला सशक्तिकरण को नई दिशा देते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ऐलान किया है कि राज्य सरकार की सभी नौकरियों में बिहार की मूल निवासी महिलाओं को 35 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण मिलेगा। यह ऐतिहासिक निर्णय न केवल स्थायी पदों पर, बल्कि संविदा और आउटसोर्सिंग के जरिए होने वाली भर्तियों पर भी लागू होगा।
मुख्यमंत्री ने इस फैसले की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर साझा की और कहा कि इससे महिलाओं को रोजगार के अधिक अवसर मिलेंगे और उनकी समाज में भागीदारी मजबूत होगी।
1.51 लाख पदों की भर्ती में लागू होगा आरक्षण
नीतीश कुमार ने बताया कि राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में 1 लाख 51 हजार 579 पद रिक्त हैं, जिन पर अलग-अलग चरणों में भर्ती प्रक्रिया चल रही है। इन सभी पदों पर अब महिलाओं को 35 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण का लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को निर्देश दिए हैं कि लंबित रिक्तियों को जल्द से जल्द भरने की प्रक्रिया तेज करें, ताकि योग्य युवाओं, विशेषकर महिलाओं, को सीधा लाभ मिल सके।
महिला सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम
सीएम ने कहा, “हम राज्य में महिला सशक्तिकरण और समाज में उनकी सक्रिय व सकारात्मक सहभागिता सुनिश्चित करने के प्रति संकल्पित हैं।” यह फैसला बिहार सरकार की उस नीति को आगे बढ़ाता है, जिसके तहत पहले ही पंचायत और नगर निकाय चुनावों में महिलाओं को 50% आरक्षण दिया गया है।
अब सरकारी नौकरियों में 35% क्षैतिज आरक्षण देकर राज्य ने एक और मिसाल कायम की है। इस कदम से बिहार की लाखों महिलाएं सरकारी सेवाओं में भागीदारी का सपना साकार कर सकेंगी।