संवाद सहयोगी, दरभंगा।
मनीगाछी प्रखंड के राघोपुर उत्तरी स्थित उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय के पूर्व प्रभारी प्रधानाध्यापक एवं वर्तमान में विशिष्ट शिक्षक के रूप में पदस्थापित अभिषेक कुमार पर छात्रों की परीक्षा शुल्क राशि के गबन का गंभीर आरोप सामने आया है। जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) ने मामले को गंभीरता से लेते हुए माध्यमिक शिक्षा के डीपीओ को निर्देश दिया है कि अभिषेक कुमार के खिलाफ थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई जाए।
DEO ने स्पष्ट किया है कि छात्रों से वसूली गई मैट्रिक परीक्षा शुल्क की राशि बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के खाते में स्थानांतरित नहीं की गई। इसके कारण परीक्षा समिति द्वारा विद्यालय के छात्र-छात्राओं का प्रवेश पत्र जारी नहीं हो सका और वे परीक्षा से वंचित रह गए।
आदेश में यह भी कहा गया है कि गबन से संबंधित कार्रवाई बिहार राज्य परीक्षा अधिनियम, 1981 एवं बिहार राज्य लोक परीक्षा अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत की जाए तथा 24 घंटे के भीतर इसकी रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए।
इस प्रकरण से पहले से निलंबित प्रधानाध्यापक शिव नारायण मल्लिक की मुश्किलें भी बढ़ सकती हैं। वहीं, परीक्षा से वंचित छात्रों के लिए विशेष परीक्षा आयोजित करने की तैयारी विभाग द्वारा की जा रही है।