पटना: गांधी मैदान में आयोजित भव्य पटना पुस्तक मेला 2025 के मुख्य मंच पर 16 दिसंबर को जानो जंक्शन के EPIC शो के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के पुरस्कार वितरण समारोह का गरिमामय आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पटना के आयुक्त अनिमेष कुमार पराशर, IAS उपस्थित रहे। उन्होंने विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित किया और उनसे आत्मीय संवाद भी किया।
समारोह की शुरुआत में अपने संबोधन में आयुक्त अनिमेष कुमार पराशर ने कहा,
“जब भी मैं पटना पुस्तक मेला आता हूँ, तो स्वयं को किसी जिम्मेदार पद पर बैठे अधिकारी के रूप में नहीं, बल्कि एक विद्यार्थी के रूप में देखता हूँ। सीखने की कोई उम्र नहीं होती—जो सीखने और आगे बढ़ने के लिए खुला रहता है, वही वास्तव में युवा होता है।”
उन्होंने भारत की गौरवशाली नालंदा विश्वविद्यालय की परंपरा का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को ज्ञान, जिज्ञासा और सतत अध्ययन की संस्कृति अपनाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर आयुक्त पराशर ने जानो जंक्शन EPIC शो के अंतर्गत आयोजित EPIC कलाकार (पेंटिंग), EPIC कहानीकार (स्टोरी राइटिंग), EPIC BizChamps, EPIC रील चैलेंज, डिबेट एवं Festival of Bands जैसी प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले सैकड़ों विद्यार्थियों की खुले मन से सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के मंच विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, रचनात्मक सोच और नेतृत्व क्षमता को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
समारोह के दौरान विभिन्न आयु वर्गों के विजेता विद्यार्थियों को मेडल, प्रमाण पत्र और प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किए गए। मंच से विद्यार्थियों की उपलब्धियों की घोषणा के साथ तालियों की गूंज और उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला। अभिभावकों और शिक्षकों ने भी छात्रों की सफलता पर गर्व व्यक्त किया।
इस मौके पर जानो जंक्शन के सीईओ क्षितिज चौधरी ने कहा,
“EPIC शो का उद्देश्य केवल प्रतियोगिताओं का आयोजन नहीं, बल्कि छात्रों को ऐसा मंच देना है जहाँ वे अपनी प्रतिभा को पहचान सकें, सीख सकें और आगे बढ़ने का आत्मविश्वास प्राप्त कर सकें। आज का यह समारोह विद्यार्थियों की मेहनत और रचनात्मक ऊर्जा का उत्सव है।”
पटना पुस्तक मेला 2025 के अंतर्गत आयोजित जानो जंक्शन EPIC शो ने शिक्षा, कला, नवाचार और अभिव्यक्ति को एक साझा मंच पर लाकर यह संदेश दिया कि सीखना एक सतत यात्रा है, और सही मार्गदर्शन व प्रोत्साहन से हर विद्यार्थी असाधारण उपलब्धि हासिल कर सकता है।