बिहार के पाँच जिलों में लगेंगे डेयरी प्लांट, 317 करोड़ की परियोजना को मिली मंजूरी
पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में बिहार सरकार ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने के उद्देश्य से रोहतास, दरभंगा, गोपालगंज, गया और सीतामढ़ी में पाँच नए डेयरी प्लांट स्थापित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इस योजना पर लगभग 317 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। ये प्लांट सिडबी क्लस्टर विकास निधि (SCDIF) के तहत स्थापित किए जाएंगे।
इनमें दरभंगा और गया के वजीरगंज में 2 लाख लीटर प्रतिदिन, गोपालगंज में 1 लाख लीटर प्रतिदिन दूध का प्रसंस्करण होगा, जबकि रोहतास और सीतामढ़ी में 30-30 मीट्रिक टन दूध पाउडर का उत्पादन किया जाएगा।
आंगनवाड़ी केंद्रों को मिलेगा नया बर्तन सेट, 115 करोड़ से अधिक का बजट स्वीकृत
राज्यभर में संचालित 1.15 लाख आंगनवाड़ी केंद्रों के लिए बर्तनों की खरीद को भी कैबिनेट ने हरी झंडी दे दी है। 115.90 करोड़ रुपये की लागत से बर्तन सेट खरीदे जाएंगे, जिसकी प्रक्रिया ई-प्रोक्योरमेंट के माध्यम से होगी। यह खरीद सक्षम आंगनवाड़ी एवं पोषण 2.0 योजना के तहत की जाएगी।
सफाईकर्मियों के लिए बनेगा राज्य स्तरीय आयोग
कैबिनेट ने बिहार राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के गठन को भी मंजूरी दी है। यह आयोग समाज के इस वर्ग के सामाजिक, आर्थिक, और कानूनी अधिकारों की रक्षा करेगा तथा उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने, पुनर्वास और कल्याणकारी योजनाओं की निगरानी का कार्य करेगा।
पुनौराधाम मंदिर भूमि अधिग्रहण के लिए बढ़ा बजट
सीतामढ़ी जिले के पुनौराधाम मंदिर के लिए 50.50 एकड़ भूमि अधिग्रहण के प्रस्ताव को 165.57 करोड़ रुपये के नए संशोधित बजट के साथ मंजूरी दी गई है। इससे पहले इसके लिए 120.58 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए थे।