Bihar Vidhansabha Live: तीसरे दिन भी हंगामे के आसार, मतदाता पुनरीक्षण पर विपक्ष अड़ा
बिहार विधानसभा के मानसून सत्र का आज तीसरा दिन है और एक बार फिर से सदन में हंगामे की संभावना जताई जा रही है। राज्य में मतदाता पुनरीक्षण प्रक्रिया को लेकर विपक्ष आर-पार की लड़ाई के मूड में है। मंगलवार को भी इसी मुद्दे पर भारी हंगामा हुआ था।
मंगलवार को सदन में क्या हुआ?
बीते दिन विपक्षी विधायकों ने विधानमंडल के दोनों सदनों में जबरदस्त हंगामा किया। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को लेकर चर्चा की मांग की और इस प्रक्रिया को तत्काल रोकने की बात कही। विपक्षी दलों — राजद, कांग्रेस, वामदलों — के विधायक काले कपड़े पहनकर विधानसभा पोर्टिको में धरना देते दिखे। इसके बाद जैसे ही विधानसभा की दूसरी पाली शुरू हुई, विपक्षी विधायक वेल में आकर नारेबाजी करने लगे।
अध्यक्ष नंदकिशोर यादव ने विपक्ष को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन वे पोस्टर लहराते हुए जोरदार विरोध जारी रखते रहे।
विधान परिषद में भी विरोध
सिर्फ विधानसभा ही नहीं, विधान परिषद में भी विपक्ष ने जोरदार प्रदर्शन किया। पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के नेतृत्व में राजद, कांग्रेस, भाकपा और माले के सभी सदस्य काली पोशाक में पहुंचे और परिषद के अंदर-बाहर प्रदर्शन किया। हाथों में बैनर लिए नेताओं ने विधान परिषद के गेट पर भी विरोध दर्ज कराया।
हंगामे के बीच छह विधेयक पारित
सदन में जारी हंगामे के बावजूद मंगलवार को छह विधेयकों को ध्वनिमत से पारित किया गया। इनमें विशेष रूप से उल्लेखनीय है बिहार हिंदू धार्मिक न्यास (संशोधन) विधेयक, 2025, जो सीतामढ़ी जिले के पुनौरा धाम में स्थित ‘मां जानकी मंदिर’ के निर्माण और पुनर्विकास का मार्ग प्रशस्त करता है। विधेयक को विधि मंत्री मंगल पांडेय ने प्रस्तुत किया।
आज फिर से हंगामे की आशंका
बुधवार को भी सदन के भीतर तीखी नोकझोंक और विरोध प्रदर्शन की पूरी संभावना है। विपक्ष ने साफ संकेत दिए हैं कि जब तक मतदाता पुनरीक्षण पर चर्चा नहीं होती और प्रक्रिया रोकी नहीं जाती, वे पीछे हटने को तैयार नहीं हैं। ऐसे में मानसून सत्र का तीसरा दिन भी हंगामेदार रहने की पूरी संभावना है।