Bihar News: नीतीश कुमार उपराष्ट्रपति बनें तो बिहार के लिए सौभाग्य की बात — बीजेपी विधायक हरिभूषण ठाकुर बचौल का बड़ा बयान
विधानसभा के मानसून सत्र में भाग लेने पहुंचे बीजेपी विधायक हरिभूषण ठाकुर बचौल ने उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के इस्तीफे को लेकर बड़ा बयान दिया है। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा, “अगर नीतीश कुमार उपराष्ट्रपति बन जाते हैं तो यह बिहार के लिए सौभाग्य की बात होगी।”
ध्यान दिला दें कि 21 जुलाई, 2025 की रात उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने अपने पद से अचानक इस्तीफा दे दिया था, जिसे 22 जुलाई को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने स्वीकार कर लिया। जल्द ही इस बाबत राजपत्र अधिसूचना जारी की जाएगी।
विपक्ष ने जोड़ा नीतीश कुमार से कनेक्शन
धनखड़ के इस्तीफे के बाद विपक्ष ने इसका संबंध मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से जोड़ते हुए कहा है कि बीजेपी उन्हें साइडलाइन करने की रणनीति पर काम कर रही है। विपक्ष का आरोप है कि नीतीश को उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बना कर चुनाव तो लड़वाया जाएगा, लेकिन सीएम नहीं बनाया जाएगा।
जब मीडिया ने बीजेपी विधायक बचौल से पूछा कि क्या नीतीश कुमार को उपराष्ट्रपति बनाया जा रहा है, तो उन्होंने कहा, “ये हमारे बस की बात नहीं है। अगर बन जाएं तो बहुत अच्छा होगा बिहार के लिए।”
स्वास्थ्य कारण या सियासी चाल?
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने अपने इस्तीफे में स्वास्थ्य कारणों का हवाला दिया, जबकि उनका कार्यकाल 2027 तक था। लेकिन जैसे ही इस्तीफे की खबर सामने आई, सियासी हलचल तेज हो गई। सांसद पप्पू यादव ने इसे “राजनीतिक खेल” बताया, जबकि आरजेडी का दावा है कि यह कदम नीतीश कुमार को दिल्ली भेजने की रणनीति का हिस्सा है। इस मुद्दे पर अन्य विपक्षी दलों की प्रतिक्रियाएं भी सामने आ रही हैं।