Motihari News: भारत-नेपाल मैत्री पुल पर बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार, बिना वीजा प्रवेश की कोशिश पर SSB की कार्रवाई
मोतिहारी: भारत-नेपाल सीमा पर स्थित सरिसवा नदी मैत्री पुल पर शुक्रवार (4 जुलाई) को एसएसबी 47वीं बटालियन ने एक बांग्लादेशी नागरिक को अवैध रूप से भारत में प्रवेश करते हुए गिरफ्तार किया। पकड़ा गया व्यक्ति, जिसकी पहचान बांग्लादेश के ढाका के कुमिल्ला निवासी सैय्यद इकबाल अहमद (पिता – सैय्यद सफीक़ुर रहमान) के रूप में हुई है, के पास कोई वैध वीजा या प्रवेश दस्तावेज़ नहीं था।
एसएसबी द्वारा पूछताछ में सामने आया कि वह नेपाल के बीरगंज होते हुए भारतीय सीमा में घुसपैठ की कोशिश कर रहा था। प्रारंभिक पूछताछ के बाद उसे रक्सौल स्थित इमिग्रेशन विभाग लाया गया, जहां उसके पास वैध दस्तावेज़ न होने की पुष्टि हुई। इसके बाद उसे हरैया थाना को सुपुर्द कर दिया गया।
गिरफ्तार व्यक्ति ने पूछताछ में खुलासा किया कि वह ढाका से काठमांडू पहुंचा था और वहां से देवबंद, उत्तर प्रदेश स्थित दारुल उल मदरसा में कार्यरत एक अन्य बांग्लादेशी शिक्षक जुबेर आलम के साथ रहने और फिर दोनों को अजमेर जाने की योजना थी। इस मामले में अब जुबेर आलम की भूमिका की भी जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह भारत में वैध वीजा पर रह रहा है या नहीं।
हरैया थानाध्यक्ष किशन कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि सैय्यद इकबाल अहमद के खिलाफ क़ानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और संबंधित धाराओं में मामला दर्ज करते हुए उसे जेल भेजने की तैयारी चल रही है।
एसएसबी की मुस्तैदी से एक संभावित घुसपैठ को समय रहते रोका गया है। सुरक्षा एजेंसियां अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही हैं, ताकि भविष्य में ऐसे मामलों को रोका जा सके।