bihar internship news
बिहार कैबिनेट बैठक में युवाओं, कलाकारों और धार्मिक पर्यटन को मिली बड़ी सौगात, 24 प्रस्तावों को मिली मंजूरी
पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई बिहार कैबिनेट की अहम बैठक में युवाओं, कलाकारों और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने से जुड़े 24 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इन फैसलों के जरिए राज्य सरकार ने युवा सशक्तिकरण, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और धार्मिक स्थलों के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है।
युवाओं को इंटर्नशिप सहायता, करियर ट्रेनिंग और 686 करोड़ का बजट
कैबिनेट ने मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा योजना को हरी झंडी दी है। इस योजना के तहत 18 से 28 वर्ष के 1 लाख से अधिक युवाओं को हर महीने ₹4,000 से ₹6,000 तक इंटर्नशिप भत्ता मिलेगा। साथ ही, युवाओं को बिजनेस और करियर ग्रोथ से जुड़ी ट्रेनिंग भी दी जाएगी। इस योजना पर अगले पांच वर्षों में ₹686 करोड़ खर्च किए जाएंगे। वर्ष 2025-26 में इस योजना की शुरुआत 5,000 युवाओं से की जाएगी।
कलाकारों को मिलेगा जीवनयापन भत्ता
मुख्यमंत्री कलाकार पेंशन योजना के अंतर्गत 50 वर्ष से अधिक उम्र के पारंपरिक, शास्त्रीय और लोक कलाकारों को ₹3,000 प्रति माह की पेंशन दी जाएगी। योजना का लाभ उन्हीं कलाकारों को मिलेगा जिनकी वार्षिक आय ₹1.20 लाख से अधिक नहीं है। यह कदम ग्रामीण और शहरी इलाकों के कलाकारों की सामाजिक और आर्थिक स्थिति सुधारने की दिशा में महत्वपूर्ण है।
गुरु-शिष्य परंपरा को संरक्षण, लोक कलाओं को मिलेगा नया जीवन
विलुप्त होती पारंपरिक लोक कलाओं को संरक्षित करने के लिए मुख्यमंत्री गुरु-शिष्य परंपरा योजना को स्वीकृति दी गई है। इसके अंतर्गत:
- गुरु को ₹15,000
- संगीतकार को ₹7,500
- शिष्य को ₹3,000 प्रति माह का मानदेय दिया जाएगा।
यह योजना लोक गाथा, नृत्य, वाद्य, चित्रकला और शास्त्रीय विधाओं के संरक्षण एवं प्रशिक्षण को बढ़ावा देगी।
पुनौराधाम में बनेगा भव्य जानकी मंदिर, 882.87 करोड़ की परियोजना को मंजूरी
सीतामढ़ी के पुनौराधाम में माता सीता की जन्मस्थली पर ₹882.87 करोड़ की लागत से भव्य जानकी मंदिर के निर्माण को मंजूरी दी गई है। इसमें:
- ₹137.34 करोड़ की लागत से वर्तमान मंदिर का विकास
- ₹728 करोड़ की लागत से अयोध्या की तर्ज पर पर्यटन ढांचे का निर्माण
- ₹16.62 करोड़ की राशि मंदिर परिसर के 10 वर्षों तक रखरखाव के लिए आवंटित की गई है।
यह परियोजना धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी गति देगी।